बड़ा भंगाल के लिए मुख्यमंत्री की 6 बड़ी घोषणाएं, महिलाओं को ₹1500 और राजमाह को मिलेगा समर्थन मूल्य

Himachal News

कांगड़ा,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। वह प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने हैं, जिन्होंने बड़ा भंगाल में रात्रि प्रवास किया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर सेट लगाने तथा स्कूली बच्चों को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए विशेष इंसेंटिव देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल के बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए नजदीकी विद्यालयों को नोडल स्कूल बनाया जाएगा, ताकि बीड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बड़ा भंगाल को इको टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने को कहा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्राकृतिक खेती से उगाई गई राजमाह पर प्रदेश सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) प्रदान करेगी।

उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र के किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा भेड़ पालकों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उनसे मीट की उचित मूल्य पर खरीद करेगी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार बड़ा भंगाल जैसे दुर्गम क्षेत्रों के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझा।

इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल भी उपस्थित रहे।