शिमला,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय से वर्चुअल माध्यम के जरिए हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 7.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उप-केन्द्र पटलांदर (अंसला) का शुभारम्भ किया। इस परियोजना से क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत चबुतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है, जिससे उप-केन्द्र को मजबूत और निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि इस उप-केन्द्र से कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर और पलाई के 11 केवी फीडरों को बिजली आपूर्ति दी जाएगी। साथ ही इसे टौणी देवी और सुजानपुर के 33 केवी उप-केन्द्रों से भी जोड़ा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वैकल्पिक बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी, लाइन की लंबाई कम होने से बिजली हानि (लाइन लॉस) घटेगी और लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या का भी समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि विधायक रणजीत सिंह राणा लगातार इस परियोजना को लेकर प्रयासरत रहे और राज्य सरकार ने इसके लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं सुजानपुर पहुंचकर इस परियोजना का उद्घाटन करना चाहते थे, लेकिन भारी बारिश के कारण वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारम्भ करना पड़ा।
सुजानपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रणजीत सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र की 16 पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा और यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुरेश कुमार, सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, एचपीएसईबी के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ और पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।