चामुंडा माता मंदिर के नीचे महिला पर नकाबपोश ने चाकू से किया हमला, इलाके में दहशत

Himachal News

चंबा,

चंबा शहर में चामुंडा माता मंदिर के समीप एक महिला पर कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ड्यूटी से लौट रही महिला पर मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने हमला किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे। पीड़ित महिला के अनुसार, पीछे बैठे नकाबपोश व्यक्ति ने अचानक उस पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके बाजू पर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गई। अचानक हुए हमले से महिला सदमे में है।

घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना चंबा सिटी पुलिस को भी दे दी गई है।

गलत तरीके से ओवरटेक करने पर टोका तो किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को कथित तौर पर गलत तरीके से ओवरटेक करने पर टोका था। इसके बाद पीछे बैठे नकाबपोश व्यक्ति द्वारा महिला पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और हमले में शामिल लोगों की पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चामुंडा रोड और इसके आसपास के क्षेत्र में अक्सर नशे का सेवन करने वाले लोगों की मौजूदगी देखी जाती है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से महिला पर हमला करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही सुराड़ा मोहल्ले और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और किसी घटना की स्थिति में संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिल सके।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।