हमीरपुर,
हिमाचल प्रदेश के युवा आइस स्केटर समर्थ अत्री ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील से संबंध रखने वाले समर्थ अत्री का चयन एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त, 2026 तक देहरादून में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में चयन के बाद समर्थ अत्री ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ी को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और खेल अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को ऐसा वातावरण प्रदान किया जा रहा है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने समर्थ अत्री की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, लगन और अथक मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान हासिल कर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्थ अत्री एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगे।
छह-सात वर्षों से कर रहे हैं आइस स्केटिंग का अभ्यास
समर्थ अत्री वर्तमान में शिमला के प्रतिष्ठित ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वह पिछले करीब छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित रूप से प्रशिक्षण और अभ्यास कर रहे हैं।
हाल ही में समर्थ अत्री का चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए भी हुआ था। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के बाद आयोजित प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अब एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए किया गया है।
समर्थ अत्री की इस उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्र और पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। प्रदेशवासियों को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ी आगामी एशियन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।