रिकांगपिओ,
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और पेंशनरों को उनकी लंबित देनदारियों व अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जन जागरण अभियान शुरू कर दिया है। अभियान की शुरुआत किन्नौर जिले से की गई। इसके तहत रिकांगपिओ में जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किन्नौर जिला अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी ने की। शिक्षा विभाग के डाइट सभागार में आयोजित बैठक में तीन ब्लॉक अध्यक्षों सहित करीब 57 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
गांव-गांव तक पहुंचाने का लिया संकल्प
समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने कहा कि जन जागरण अभियान का उद्देश्य प्रदेश के पेंशनरों को सरकार की ओर से देय लंबित भुगतान, पेंशन संबंधी अधिकारों और अन्य मांगों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना है। इसके साथ ही अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने और सदस्यता अभियान को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को बिलासपुर में प्रदेश के 18 पेंशनर संगठनों की राज्य स्तरीय बैठक हुई थी। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क एवं जन जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। इसी फैसले के तहत किन्नौर में अभियान की शुरुआत की गई है।
वहीं, कांगड़ा जिले में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने ब्लॉक नगरोटा सूरियां से जन जागरण अभियान की शुरुआत की।
ब्लॉक से पंचायत स्तर तक समितियां बनाने की तैयारी
बैठक में संगठन के विस्तार की आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि प्रदेश के सभी ब्लॉकों में बैठकें आयोजित कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए जोन और पंचायत स्तर पर भी समितियों का गठन करने की योजना है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर संगठन के विस्तार से पेंशनरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने और उन्हें एक मंच पर जोड़ने में मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक बनाने की बात भी कही गई है।
काजा में 27 सितंबर को होगी बैठक
संयुक्त संघर्ष समिति की अगली महत्वपूर्ण बैठक 27 सितंबर को लाहौल-स्पीति के काजा में प्रस्तावित है। इसके बाद अन्य जिलों और ब्लॉकों में भी बैठकों का सिलसिला आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, जिला शिमला संयोजक मोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष धर्म देवी राठौर, हरदेव नेगी, संयुक्त सचिव जेएसी किन्नौर, पूह ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, निचार ब्लॉक अध्यक्ष जय चंद नेगी सहित देवा पलजर, फूल सिंह, कुसुम कुमारी, लीला देवी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति ने स्पष्ट किया कि जन जागरण अभियान के माध्यम से पेंशनरों को उनके अधिकारों और लंबित देनदारियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।