रामपुर,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। शिंगला हेलीपैड, रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 232.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
इन परियोजनाओं में पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य सुविधाओं, पुलों और सड़क निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं की आधारशिला रखी।
पेयजल, सीवरेज और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती
मुख्यमंत्री ने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत भड़ावली में गांवों के समूह के लिए 4.83 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा रामपुर के वार्ड नंबर-8 डकोलड़ में 8.36 करोड़ रुपये की सीवरेज प्रणाली भी जनता को समर्पित की।
ग्राम पंचायत देवनगर में प्लानू से शलून तक 2.56 करोड़ रुपये की प्रवाह सिंचाई योजना और खानरी के वार्ड नंबर-9 में मौजूदा सीवरेज योजना से एमजीएमएससी अस्पताल खनैरी को जोड़ने के लिए 71 लाख रुपये की सीवरेज कनेक्टिविटी का भी लोकार्पण किया गया।
इसी क्रम में देलठ में 2.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा रामपुर तहसील में गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बैली ब्रिज भी जनता को समर्पित किया गया।
सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन भी किया। इनमें 35.93 करोड़ रुपये की लागत से टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के उन्नयन कार्य सहित अन्य सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के एक अन्य उन्नयन कार्य के लिए 54.87 करोड़ रुपये की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल कॉलोनी से सरलाप्रोग सड़क के लिए 2.50 करोड़ रुपये, कोटला-कुन्नी सड़क के लिए 4.19 करोड़ रुपये, राजपुरा-दरशाल सड़क के लिए 6.07 करोड़ रुपये, उरू से धार सड़क के लिए 3.60 करोड़ रुपये और सवान-दोई सड़क के लिए 4.81 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भूमि पूजन किया।
इसी तरह सेरी पुल-अणुराक्षी सड़क के लिए 9.99 करोड़ रुपये, पलजारा-गिन्छा-पेई सड़क के लिए 11.19 करोड़ रुपये, कूट-किन्फी सड़क के लिए 13.85 करोड़ रुपये और पटैना-कैंची से दारन घाटी सड़क के लिए 6.85 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
कई संपर्क मार्गों के निर्माण को भी मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने मंगलाड़ पुल से गांव रूनपू सड़क के लिए 7.91 करोड़ रुपये, गांव मोलगी के संपर्क मार्ग के लिए 2.02 करोड़ रुपये, रुंगचा-धारला सड़क के लिए 7.18 करोड़ रुपये और दलोग-चाश्नी-मड़ोग सड़क के लिए 4 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भूमि पूजन किया।
इसके अलावा ढाई-बरकेली सड़क के लिए 9.21 करोड़ रुपये, चड़ी से ढरण सड़क के लिए 6 करोड़ रुपये, चकटी-थैली सड़क के लिए 5.75 करोड़ रुपये, चेबड़ी से नगालनी सड़क के लिए 4.71 करोड़ रुपये तथा लाहरू से खरेला सड़क के लिए 8.24 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
एरली-मझेवटी सड़क के लिए 3.19 करोड़ रुपये तथा लबाना-सदाना, भगावत से धोआ गांव और फांचा से फांचा कंडा तक सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए 45 लाख रुपये की परियोजना का भूमि पूजन भी किया गया।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से रामपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।