शिमला,
20वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ियों को राज्य सरकार एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को यह सम्मान राशि देने की घोषणा की है।
तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उन्हें हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही इन खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित करेगी और उसी अवसर पर घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
तीनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का भी ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली इन तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक होंगी, उन्हें वहां अवसर दिया जाएगा।
वहीं, पुलिस सेवा में जाने की इच्छा नहीं रखने वाली खिलाड़ियों को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति देने का विकल्प रहेगा। सरकार का उद्देश्य है कि खिलाड़ी सरकारी सेवा के साथ राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दें और अपने खेल करियर को भी जारी रख सकें।
खेल नीति में पुरस्कार राशि बढ़ाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल नीति में संशोधन करते हुए खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सरकार की ओर से खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हिमाचली खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जल्द आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान भी उपस्थित रहे।