देहग्रां (चंबा),
चंबा जिले के दुर्गम चुराह क्षेत्र के देहग्रां गांव में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का एक अलग अंदाज देखने को मिला। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने गांव के निवासी राम कृष्ण तिवारी के घर रात बिताई। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय गुजारा और पारंपरिक पहाड़ी भोजन का स्वाद भी लिया।
राम कृष्ण तिवारी के परिवार ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए खास तौर पर मक्की की रोटी, सरसों का साग और स्थानीय पारंपरिक गेहूं से तैयार किए जाने वाले लड्डू ‘ऐहण’ बनाए थे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ बैठकर इन पहाड़ी व्यंजनों का आनंद लिया।
परिवार के लिए यादगार बना मुख्यमंत्री का प्रवास
मुख्यमंत्री के अपने घर पहुंचने और रात बिताने से राम कृष्ण तिवारी का परिवार बेहद उत्साहित नजर आया। राम कृष्ण तिवारी ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके छोटे से घर आएंगे, उनके साथ बैठेंगे और रात गुजारेंगे। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए गौरव और खुशी का अविस्मरणीय अवसर बताया।
राम कृष्ण तिवारी के अनुसार, इससे पहले किसी मुख्यमंत्री का उनके इस दूरदराज गांव में आना नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू देहग्रां में रात बिताने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनके इस दौरे से गांव के लोगों में खासा उत्साह है।
परिवार ने कहा- दिवाली जैसी खुशियां लेकर आया यह पल
परिवार के अन्य सदस्यों चेतना तिवारी और विनीत तिवारी ने भी मुख्यमंत्री के प्रवास पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके घर आना और परिवार के साथ समय बिताना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री के एक रात के प्रवास ने उनके घर में दिवाली जैसा माहौल बना दिया। उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का यह रात्रि प्रवास ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से सीधे जुड़ने और दूरदराज क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचने की पहल का हिस्सा रहा।