रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ, राज्यपाल ने स्थानीय उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की
रामपुर बुशहर,
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश के गांव आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे, किसान सशक्त बनेंगे और युवा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेंगे। विकसित भारत की वास्तविक नींव गांवों में रखी जाएगी और इसमें किसानों, कारीगरों तथा युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ करने के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय अभियान है।
रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा
राज्यपाल ने आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्वरोजगार से जुड़ी अन्य पहलें कारीगरों, छोटे उद्यमियों तथा युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के अवसर दे रही हैं।
उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा, कौशल और उद्यमशीलता के दम पर रोजगार सृजन करने वाले बनें, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
स्थानीय उत्पाद खरीदना कारीगरों की मेहनत का सम्मान
‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए राज्यपाल ने मेले में आने वाले लोगों से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय वस्तुओं की खरीद केवल कारोबार का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह उन कारीगरों और उत्पादकों की मेहनत को सम्मान देने का तरीका है, जिनकी आजीविका इन उत्पादों पर निर्भर करती है।
उन्होंने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों का सही उपयोग हिमाचल के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान और बड़े बाजार उपलब्ध करवा सकता है।
करीब 400 साल पुरानी विरासत का प्रतीक है लवी मेला
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि लगभग 400 वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। यह सदियों पुरानी परंपराओं, आपसी विश्वास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस मेले ने लंबे समय तक विभिन्न क्षेत्रों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ एकता और भाईचारे की भावना को भी आगे बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक अपनाने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण को भी बताया जरूरी
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना भी जरूरी है।
इस दौरान राज्यपाल ने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की परंपरा को संरक्षित रखने के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन और सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।
स्थानीय कलाकारों और उत्पादकों को दिया गया मंच
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी को मेले के इतिहास और परंपराओं से परिचित करवाने के लिए पहली बार स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसके माध्यम से बच्चों को अपने परिवारों और बुजुर्गों से मेले की ऐतिहासिक जानकारी जुटाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाया गया है। सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है, जबकि प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता को भी प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए लवी मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और विरासत का अभिन्न हिस्सा बताया। उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी का शुभारम्भ, स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने मेले में लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया और किन्नौरी सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का भी जायजा लिया। राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने खाद्य स्टालों पर हिमाचली व्यंजनों का स्वाद चखा तथा स्थानीय खाद्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस अवसर पर जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।