ढालपुर मैदान में आग का तांडव, 13 टेंट और 5 दुकानें जलकर हुए राख, 2 लोग भी झुलसे

Himachal News

(कुल्लू) जिला कल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में रात के समय अचानक आगजनी की घटना पेश आई । आग लगने से देवी देवताओं के 13 टेंट और पांच दुकानें भी जलकर राख हो गई। वहीं दो लोग भी इस आगजनी में झुलस गए हैं, जिन्हें ढालपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। अचानक रात के समय लगी इस आग से पूरे मेला मैदान में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और अग्नि शमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। वरना दशहरा उत्सव में लगे अन्य दुकानों व देवताओं के टेंट को भी नुकसान हो सकता था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मिली जानकारी के अनुसार यह आग करीब रात 2:00 बजे लगी। उस वक्त देवी देवताओं के साथ आए लोग अपने-अपने टेंट में सो रहे थे। अचानक आग लगने से वह अपने-अपने टेंट से बाहर निकल आए और सामान को भी बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 13 टेंट जलकर राख हो गए। इसके साथ डीसी कार्यालय के सामने वाले मैदान में लगी पांच दुकानें भी जलकर राख हो गई। वहीं जिला प्रशासन के अधिकारी भी रात को ही मौके पर पहुंचे और सभी लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने के प्रयास के चक्कर में दो लोग झुलस गए और उन्हें ढालपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि अब आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घायल लोगों का ढालपुर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। जिन देवी देवताओं के टेंट को नुकसान पहुंचा है उन्हें प्रशासन की ओर से टेंट मुहया करवाए जाएंगे। ताकि दशहरा उत्सव में देवी देवताओं के साथ आए लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *