प्रदेश के लिए कांग्रेस सरकार आपदा से कम नहीं: राकेश जम्वाल

Himachal News

महिला सम्मान की अनदेखी, युवाओं से वादाखिलाफी और प्रदेश के संसाधनों की लूट चरम पर

धर्मशाला
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस सरकार किसी आपदा से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से प्रदेश में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, उसी दिन से प्रदेश पर ‘अनवांटेड आपदा’ आ गई। कांग्रेस जहां भी जाती है, वहां के विकास को तहस-नहस कर देती है, और हिमाचल प्रदेश इसका जीता-जागता उदाहरण है।

राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनका मंत्रिमंडल अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को खुश करने के लिए प्रदेश के संसाधनों को बेचने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “पिछले दो वर्षों में तमाम विकास कार्य ठप हो गए हैं। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह से खत्म कर चहेतों को लाभ पहुंचाने की कोशिशें हो रही हैं। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन्होंने वह काम दो वर्षों में कर दिया जो भाजपा सरकार पांच सालों में नहीं कर पाई। हां, आपने कर्ज लेने और प्रदेश के संसाधनों को गिरवी रखने का काम जरूर कर दिखाया।”

कांग्रेस सरकार पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी महिला को महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति नहीं दी गई है। “मंत्रिमंडल में एक भी महिला को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। यहां तक कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी सरेआम अपमानित किया जाता है। मंच पर उन्हें बोलने तक का अवसर नहीं दिया जाता। यह कांग्रेस की महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।”

उप मुख्यमंत्री के रोजगार के दावों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “उप मुख्यमंत्री बार-बार दावा करते हैं कि उन्होंने इतना रोजगार दिया जितना भाजपा सरकार पांच वर्षों में नहीं दे पाई। लेकिन हम उनसे पूछना चाहते हैं कि क्या कांग्रेस के नेताओं के रिश्तेदार ही प्रदेश में रोजगार के लिए योग्य है? बाकी प्रदेश के युवाओं का क्या? यदि सरकार ने युवाओं को रोजगार दिया है तो इस पर श्वेत पत्र जारी करें।”
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव से पहले आउटसोर्स भर्ती को समाप्त कर नियमित नियुक्ति की बात करने वाले आज मुंह छिपा रहे हैं। “कांग्रेस सरकार ने युवाओं को सिर्फ ठगा है। हिमाचल के युवा अब इस छलावे को समझ चुके हैं।”

जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश की जनता गहराई से देख रही है। उन्होंने चेतावनी दी, “यदि कांग्रेस सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों से बाज नहीं आई तो हिमाचल की जनता कांग्रेस को प्रदेश के मानचित्र से हटा देगी।”भाजपा प्रदेश की जनता के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान, युवाओं के भविष्य और प्रदेश के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *