विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर अनुराग ठाकुर की दोटूक, बोले- मेरे नाम से भ्रामक पोस्ट न फैलाएं

Himachal News

हमीरपुर,

पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से प्रसारित हो रही भ्रामक पोस्ट और आगामी हिमाचल विधानसभा चुनावों को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे बिना आधार वाली खबरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए ऐसे प्रचार से दूर रहें, जिनमें उन्हें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का दावेदार बताया जा रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस तरह की पोस्ट न तो पार्टी के हित में हैं और न ही संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके नाम पर व्यक्तिगत राजनीतिक दावेदारी से जुड़ी अटकलें फैलाने से बचना चाहिए।

भाजपा में पद से ज्यादा अहम है कार्यकर्ता का भाव

सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और सभी सदस्य संगठन के कार्यकर्ता हैं। पार्टी में पद से अधिक महत्व कार्यकर्ता की भावना, संगठन के प्रति निष्ठा और सौंपी गई जिम्मेदारियों को निभाने का है।

उन्होंने कहा कि वह भी एक कार्यकर्ता के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समर्पित हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप देश और प्रदेश के हित में काम करें।

ठाकुर के अनुसार, व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से जोड़कर निराधार खबरें प्रसारित करना संगठन के हित में नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की दिशा और अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया।

AI से तैयार किए जा रहे चुनावी दावेदारी वाले क्रिएटिव

अनुराग ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर समय-समय पर उनके विधानसभा चुनाव लड़ने और हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व करने से संबंधित खबरें प्रसारित की जा रही हैं। कुछ मामलों में AI के जरिए ऐसे क्रिएटिव भी बनाए जा रहे हैं, जिनमें उन्हें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का दावेदार दिखाया जाता है।

उन्होंने इस तरह के प्रचार को अनावश्यक और भ्रामक बताते हुए लोगों से ऐसी सामग्री बनाने, पोस्ट करने और आगे साझा करने से बचने की अपील की।

पांच बार सांसद चुनने पर जताया जनता का आभार

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने लगातार पांच बार उन्हें लोकसभा में अपनी आवाज उठाने का अवसर दिया है। उन्होंने जनता के इस भरोसे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने में विश्वास रखते हैं।

अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की दी चेतावनी

अनुराग ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उनके नाम से निराधार दावेदारी या भ्रामक खबरें फैलाने से बचने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पार्टी नेतृत्व अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से व्यक्तिगत अटकलों के बजाय संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।