शिमला,
देश की सांस्कृतिक विविधता और आपसी एकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लोक भवन शिमला में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हिमाचल प्रदेश में रह रहे विभिन्न राज्यों के लोगों से संवाद किया।
कार्यक्रम में दिल्ली, झारखंड, पंजाब, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, लद्दाख और चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने की पहल
संदीप भारद्वाज ने कहा कि राज्यपाल के निर्देशानुसार लोक भवन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना और अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को साझा मंच उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न हिस्सों की अपनी विशिष्ट भाषा, संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे की सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर देते हैं। इससे आपसी समझ, सौहार्द और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलता है।
प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव
समारोह में शामिल विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने हिमाचल प्रदेश में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सामूहिक रूप से मनाने का अवसर देने के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर संदीप भारद्वाज ने सभी प्रतिभागी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों को हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया।