फतेहपुर में 153.81 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, ब्यास पर 103 करोड़ का पुल बनेगा: मुख्यमंत्री

Himachal News

फतेहपुर (कांगड़ा):

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान 153.81 करोड़ रुपये की 8 बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर Beas River पर 103.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 800 मीटर लंबे स्पैन पुल का शिलान्यास किया। यह पुल टैरेस (पोंग बांध-जसूर सड़क) को सथाना (भरवाईं-डमताल सड़क) से जोड़ेगा, जिससे फतेहपुर और जसवां परागपुर क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 13.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आदर्श स्वास्थ्य संस्थान फतेहपुर और 3.14 करोड़ रुपये की लागत से अनाज मंडी फतेहपुर में पार्किंग व अन्य कार्यों का शिलान्यास किया।

उन्होंने नाबार्ड के तहत 9.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फतेहपुर-बदियाली वाया कुंडियाल, थेरू, सुनेट सड़क तथा 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शहीद स्मारक का भी शिलान्यास किया।

लोकार्पण किए गए कार्यों में 12.82 करोड़ रुपये की लागत से बना संयुक्त कार्यालय भवन फतेहपुर, 5.27 करोड़ रुपये की कोडी बेला से पराल वाया जट्ट बेली सड़क तथा 5.89 करोड़ रुपये की पलाख से चरूड़ी और मल्हारी से डुहाग सड़क शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *