शिमला,
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल (नामित) कविन्द्र गुप्ता सोमवार सायंकाल शिमला पहुंचे, जहां उनका और उनकी धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता का गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
कविन्द्र गुप्ता 10 मार्च 2026 को प्रातः 11:45 बजे हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनी राम शांडिल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, विधायकगण, मुख्य सचिव संजय गुप्ता और पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यपाल (नामित) और उनकी धर्मपत्नी को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर हिमाचल प्रदेश के विकास और कल्याण के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में सेवा करना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है, जिसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर हिमाचल प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ेंगे। संभवतः मैं सात महीनों के भीतर इस प्रकार का पदोन्नयन प्राप्त करने वाला पहला व्यक्ति हूं।”
शपथ ग्रहण से पूर्व आयोजित यह स्वागत समारोह राज्य के नेतृत्व और जनता की ओर से राज्यपाल (नामित) के प्रति सद्भावना और सम्मान का प्रतीक रहा।