राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को किया सम्मानित, युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और मार्गदर्शन देने पर दिया जोर
शिमला,
डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेमर और ‘द ग्रेट खली’ के नाम से प्रसिद्ध पहलवान दलीप सिंह राणा ने आज लोक भवन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को सम्मानित करते हुए अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि दलीप सिंह राणा ने हिमाचल प्रदेश से अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के मंच तक अपनी उल्लेखनीय यात्रा के माध्यम से प्रदेश और देश को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। उनके संघर्ष, अनुशासन और सफलता की यात्रा युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत की प्रेरणा देती है।
खेल और युवा सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
भेंट के दौरान राज्यपाल और दलीप सिंह राणा ने हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, युवा सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
दलीप सिंह राणा ने पेशेवर कुश्ती के क्षेत्र में अपने अनुभव और सफर को साझा किया। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों के बारे में भी राज्यपाल को जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अधिक अवसर, उचित मार्गदर्शन और बेहतर मंच उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभा को देखते हुए राज्य में खेल क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।