शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को सशक्त बनाने के लिए एशियन विकास बैंक (ADB) के सहयोग से 2350 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाएं विभिन्न चरणों में क्रियान्वित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री आज यहां एडीबी सहायता प्राप्त पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एडीबी के सहयोग से ट्रेंच-1 में 1620 करोड़ रुपये तथा ट्रेंच-2 में 730 करोड़ रुपये की लागत से परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य विश्व-स्तरीय गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल पर्यटन को एक मजबूत ब्रांड के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। पर्यटन विकास से प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी और अधोसंरचना को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार का कार्य भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। पालमपुर और नगरोटा बगवां में एडीबी के सहयोग से 77.70 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। पालमपुर में मल्टीलेवल पार्किंग, पार्किंग स्थल, कैफे, कॉफी शॉप, पुस्तकालय, न्यूगल कैफे का जीर्णोद्धार तथा विभिन्न सड़कों के सुधार कार्य किए जा रहे हैं। वहीं नगरोटा बगवां में सड़कों का सुधार, ड्रेन व डक्ट निर्माण, पुराने बस अड्डे का सौंदर्यकरण, क्लॉक टावर, गांधी ग्राउंड, नारदा-शारदा मंदिर, मटौर गार्डन, मेला ग्राउंड तथा गुरुद्वारा श्री पौड़ साहिब के सौंदर्यकरण का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर जिला के श्री बाबा बालक नाथ मंदिर में 51.09 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना विस्तार, धर्मशाला में 33.78 करोड़ रुपये से आइस व रोलर स्केटिंग रिंक, कुल्लू और मनाली में वेलनेस सेंटर, तथा नग्गर कैसल के संरक्षण व जीर्णोद्धार जैसे कार्य प्रगति पर हैं।
इसके अतिरिक्त शिमला और मनाली में आइस स्केटिंग रिंक, नादौन में राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स, नगरोटा बगवां में वेलनेस सेंटर और म्यूजिकल फाउंटेन सहित कई नई पर्यटन परियोजनाएं एडीबी के सहयोग से प्रस्तावित हैं।
बैठक में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने पर्यटन विकास बोर्ड के अंतर्गत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधान सचिव पर्यटन देवेश कुमार, सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक पर्यटन विवेक भाटिया, परियोजना निदेशक विवेक महाजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।