शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के झुलाड़ स्थित बागवानी विभाग के फार्म हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगभग ₹25 लाख की लागत से बन रहा प्लांट हेल्थ क्लिनिक 10 मार्च से पहले हर हाल में तैयार किया जाए।
किसानों को मिलेगा रोग नियंत्रण और तकनीकी मार्गदर्शन
उन्होंने कहा कि प्लांट हेल्थ क्लिनिक शुरू होने से किसानों और बागवानों को फसलों में लगने वाले रोगों, कीट नियंत्रण और आधुनिक तकनीकों की विशेषज्ञ सलाह एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार होगा।
अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश
उपमुख्य सचेतक ने स्पष्ट किया कि अधिकारी अधिक से अधिक समय फील्ड में बिताएं ताकि किसानों को समय पर मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बागवानी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. अलक्ष पठानिया ने योजनाओं की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, पूर्व मुख्य अभियंता सुरेश महाजन, नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष ऊषा शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, किसान और बागवान मौजूद रहे।
स्थानीय किसानों ने खेतों में आयोजित इस समीक्षा बैठक को जमीनी सोच और कृषि के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए सराहना की।