शिमला,
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शिमला ने डीएफएस ग्राम पंचायत सैचुरेशन अभियान के अंतर्गत पंथाघाटी स्थित द ग्रैंड मधुशाला में मेगा वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक, शिमला के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर, उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह आहूजा, भारतीय स्टेट बैंक शिमला के उप महाप्रबंधक शशांक कुमार तथा कसुम्पटी वार्ड की पार्षद श्रीमती रचना मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा एसएलबीसी और विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में वित्तीय समावेशन के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY), खातों की री-केवाईसी (Re-KYC), सीकेवाईसी (CKYC), निष्क्रिय खातों को दोबारा सक्रिय कराने, नामांकन (Nomination) अपडेट करने तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
शिविर में करीब 150 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन सेवाओं का लाभ उठाया।
भारतीय स्टेट बैंक ने इस अवसर पर प्रत्येक पात्र नागरिक तक बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा वित्तीय समावेशन को और अधिक मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।