शिमला,
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शिमला ने डीएफएस ग्राम पंचायत सैचुरेशन अभियान के तहत पंथाघाटी स्थित द ग्रैंड मधुशाला में मेगा वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित कर लोगों को बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
शिविर में भारतीय रिज़र्व बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने नागरिकों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही खातों की री-केवाईसी (Re-KYC), सीकेवाईसी (CKYC), निष्क्रिय बैंक खातों को दोबारा सक्रिय कराने, नामांकन अपडेट करने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर, उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह आहूजा, एसबीआई शिमला के उप महाप्रबंधक शशांक कुमार, कसुम्पटी वार्ड की पार्षद श्रीमती रचना, एसएलबीसी और विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान करीब 150 लोगों ने शिविर में भाग लेकर बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय समावेशन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त किया।
एसबीआई ने कहा कि बैंक का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक तक बैंकिंग सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि वित्तीय समावेशन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैंक भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।