राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने संकट मोचन मंदिर में की पूजा-अर्चना

Himachal News

लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ मंदिर पहुंचे राज्यपाल, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए की प्रार्थना

शिमला,

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ आज शिमला स्थित ऐतिहासिक संकट मोचन हनुमान मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की।

राज्यपाल ने मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया और संकट मोचन मंदिर की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत तथा शिमला की आस्था और परंपराओं से इसके गहरे जुड़ाव के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बाबा नीम करौली महाराज को किया याद

इस अवसर पर राज्यपाल ने संत बाबा नीम करौली महाराज का भी स्मरण किया। संकट मोचन मंदिर से बाबा नीम करौली महाराज के आध्यात्मिक जुड़ाव का मंदिर के इतिहास और परंपरा में विशेष स्थान बताया जाता है।

मंदिर की परंपरा के अनुसार, बाबा नीम करौली महाराज ने इस शांत एवं रमणीय स्थल पर कुछ समय ध्यान और साधना में बिताया था। उन्होंने यहां भगवान हनुमान को समर्पित मंदिर स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी प्रेरणा से बाद में मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हुआ और वर्ष 1966 में मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की गई।

सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रतीक हैं आस्था स्थल

राज्यपाल ने कहा कि संकट मोचन मंदिर जैसे आस्था के केंद्र केवल आध्यात्मिक शांति के स्थल ही नहीं हैं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की शाश्वत सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रतीक भी हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल प्रदेश की समृद्ध विरासत, आस्था और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।