जांगलिक सड़क 10 दिन में बहाल करने के निर्देश, पुल के लिए 4 करोड़ और थैंटवाड़ी में 2 करोड़ की घोषणा

Himachal News

रोहड़ू,

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूस्खलन के कारण बंद पड़ी जांगलिक सड़क की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को 10 दिनों के भीतर जांगलिक सड़क को खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, वहीं बागवानों को भी अपनी उपज के परिवहन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क की बहाली का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के काम को गति देने के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इससे पुल निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने थैंटवाड़ी गांव के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं पुनर्बहाली के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन बहाल करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।