मुख्यमंत्री सुक्खू ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

Himachal News

रोहड़ू,

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी गांव में दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्य के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा को विशेष महत्व दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को इन महान व्यक्तित्वों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के लिए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू इन दिनों रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इसी दौरान उन्होंने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भटवाड़ी गांव में रात्रि प्रवास किया।

कार्यक्रम में रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।