भटवाड़ी में मुख्यमंत्री सुक्खू का रात्रि प्रवास, ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में किया स्वागत

Himachal News

रोहड़ू,

‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के भटवाड़ी पहुंचने पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने यहां रात्रि प्रवास किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की शिकायतों और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने स्थानीय परंपराओं का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोकगीतों के बीच उनका स्वागत किया गया। महिलाओं और ग्रामीणों ने ‘लामण’ लोकगीत गाए तथा नाटी प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री भी ग्रामीणों के साथ नाटी में शामिल हुए और स्थानीय गीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत दिऊदी के प्रधान प्रशनलाल के घर पर रात्रि विश्राम किया। प्रधान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बाद किसी मुख्यमंत्री का गांव में आगमन नहीं हुआ था। उनके अनुसार, ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने इस दूरदराज क्षेत्र में रात्रि प्रवास किया है। मुख्यमंत्री के गांव में रात ठहरने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के लिए स्थानीय संस्कृति से जुड़े पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए। रात्रि भोज में उन्हें फाफरा, कोदे की रोटी, लाल चावल और राजमा समेत क्षेत्र के अन्य पारंपरिक पकवान परोसे गए।

भटवाड़ी पहुंचने के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बरशील पुल को मोटरेबल बनाने का आश्वासन देते हुए चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने धमवाड़ी स्कूल को सीबीएसई पैटर्न में लाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राटा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।