राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने साहित्य को सेवा और राष्ट्रभावना से जोड़ने का किया आह्वान

Himachal News

शिमला: सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत लोक भवन में ‘साहित्य सेवा’ विषय पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। लोक भवन और हिमाचल साहित्य एवं संस्कृति मंच के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने की। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि साहित्य केवल मनोरंजन या अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज में संवेदना, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को मजबूत करने का प्रभावी साधन भी है। उन्होंने कहा कि कविता मानवीय भावनाओं और सामाजिक चेतना को शब्द देने के साथ-साथ लोगों को समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान की प्रेरणा दे सकती है।

उन्होंने कहा कि जब साहित्यकार सामाजिक मुद्दों, प्रकृति, युवाओं की भूमिका और राष्ट्रीय नायकों के संघर्ष एवं शौर्य को अपनी रचनाओं के माध्यम से सामने लाते हैं, तो उनका यह रचनात्मक प्रयास भी समाज के प्रति सेवा का रूप ले लेता है।

राज्यपाल ने स्वतंत्रता आंदोलन में साहित्य और कविता की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में रचनाओं के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय चेतना, आत्मसम्मान और आजादी की भावना को मजबूत किया गया। भारतीय परंपरा में साहित्य को लोक कल्याण और समाज को जागरूक करने के महत्वपूर्ण माध्यम के तौर पर देखा गया है।

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज का भारत उनके साहस और बलिदान की नींव पर खड़ा है। हिमाचल प्रदेश के अनेक देशभक्तों ने भी स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का सम्मान वास्तव में उनके पूर्वजों के संघर्ष, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि नागरिकों के कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और त्याग की भावना को भी महत्व देता है। सेवा पखवाड़ा इसी भावना को दैनिक जीवन में अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्रदान करता है।

राज्यपाल ने कहा कि सेवा किसी एक संस्था अथवा सरकार तक सीमित नहीं होनी चाहिए। समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सेवा की भावना को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने स्वयं भी कविता पाठ किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कथाकार, उपन्यासकार एवं कवि एस.आर. हरनोट ने राज्यपाल का स्वागत किया।

इस अवसर पर नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा सहित साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहे।