शिमला,
गांधी जयंती के अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे।
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और अहिंसा को संघर्ष का माध्यम बनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपना जीवन समाज सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पित रखा तथा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई।
राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी देशवासियों के लिए आदर्श और प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके विचार आज के समय में भी प्रासंगिक हैं और समाज को सत्य, शांति तथा सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के त्याग और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उनके साहस, समर्पण और राष्ट्र के लिए किए गए बलिदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने रिज मैदान पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता संघर्ष पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके बाद उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को मैत्री संस्था की ओर से उपलब्ध करवाए गए हीटर वितरित किए।
इसके पश्चात राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता सीटीओ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की प्रगति में शास्त्री के योगदान को याद करते हुए उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, सादगी और नैतिकता की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने राजनीति में स्वच्छ आचरण और नैतिक मूल्यों को विशेष महत्व दिया। राज्यपाल ने कहा कि उनके जीवन से आज भी सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और नैतिकता की प्रेरणा ली जा सकती है।
राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशसेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सेवा और कर्तव्य की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, उप-महापौर उमा कौशल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।