शिमला,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की रोहड़ू प्रवास के दौरान की गई घोषणा के अनुरूप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रोहड़ू के नए भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। योजना विभाग ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को स्वीकृति पत्र भेज दिया है।
यह घोषणा 1 अक्तूबर को मुख्यमंत्री के रोहड़ू दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ हुए संवाद से जुड़ी है। उस समय एक छात्रा ने स्कूल में बढ़ती विद्यार्थियों की संख्या और भवन की जरूरत का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री से पूछा था कि क्या वह उनके स्कूल के लिए नया भवन बनवाएंगे।
छात्रा ने बताई थी विद्यार्थियों की परेशानी
संवाद के दौरान छात्रा ने बताया कि स्कूल को सीबीएसई से संबद्धता मिलने के बाद विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूल को दो शिफ्टों में चलाने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई और आवागमन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
छात्रा के अनुसार, बसों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण करीब 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को दिक्कत हो सकती है। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने और कुछ विद्यार्थियों को स्कूल बदलने की नौबत आने की आशंका भी जताई गई थी।
मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त सहायता का दिया था भरोसा
छात्रा की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि 2 करोड़ रुपये से पूरे भवन का निर्माण संभव नहीं होगा, लेकिन इससे निर्माण कार्य शुरू करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया था कि जरूरत के अनुसार भविष्य में अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त जगह मिल सके और रोहड़ू में बेहतर शैक्षणिक परिसर विकसित किया जा सके।
अब घोषणा के अनुरूप 2 करोड़ रुपये जारी होने से स्कूल के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता खुला है।
विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने जताया आभार
रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने स्कूल भवन के लिए धनराशि जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्कूल के नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सकेगा।