सोलन,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 34.46 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, कृषि विपणन, विद्युत आपूर्ति और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरयांज के भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा 1.02 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में तैयार किए गए खेल मैदान, 1.81 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार तथा 10.17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड को भी जनता को समर्पित किया।
बिजली और सड़क परियोजनाओं की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने अर्की क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें 10.39 करोड़ रुपये की लागत से ग्याणा (मांगू) में बनने वाला 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र शामिल है। इसके साथ ही 7.09 करोड़ रुपये की लागत से दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क सड़क और 2.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सिनटीघाट से बानधार एंबुलेंस सड़क का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से अर्की विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, लोगों को स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
कुनिहार उप-मंडी से किसानों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार क्षेत्र के करीब 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि उप-मंडी के माध्यम से किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विपणन की सुविधा मिलने से किसानों को अपनी फसलों के उचित और लाभकारी दाम प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र की कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
10 पंचायतों को बिजली उपकेंद्र का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्याणा (मांगू) में प्रस्तावित 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या के समाधान में मददगार होगा। इससे लोगों को अधिक विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का अर्की विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।