तीसा (चंबा),
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों को जीवन में अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य को लेकर फैसले लेने में डरना नहीं चाहिए, क्योंकि मेहनत, आत्मविश्वास और निडरता ही सफलता की राह तैयार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने चंबा जिले के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तीसा में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान 12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना ने उनसे भविष्य में आगे बढ़ने और जीवन के फैसलों को लेकर सवाल पूछा। जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पर भरोसा रखते हुए निडर होकर निर्णय लेने चाहिए।
बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ें: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा, खेल, राजनीति सहित जीवन के हर क्षेत्र में आगे आने से संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों को अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समान रूप से अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
संवाद के दौरान चौथी कक्षा की छात्रा अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से उनके पसंदीदा विषय के बारे में पूछा। वहीं, 12वीं कक्षा के प्रज्वलन ने तीसा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
नशे की रोकथाम और शिक्षा सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
12वीं कक्षा की छात्रा मोनिका ने मुख्यमंत्री से नशे की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। छात्रा मुस्कान ने सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े मुद्दे उठाए। एक अन्य छात्रा जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में सवाल किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में चुनौतियां आती रहेंगी, लेकिन सही समय पर सोच-समझकर और बिना भय के निर्णय लेने वाले लोग ही अपने लक्ष्य हासिल कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैरागढ़ स्कूल में लैब और अतिरिक्त कमरों के लिए 3 करोड़
विद्यार्थियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने बैरागढ़ स्कूल में प्रयोगशाला और अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इससे विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्कूल की शैक्षणिक तथा अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।