शिमला,
अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी शिमला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी खेल परिसर से राम बाजार स्थित राम मंदिर तक पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों और कांग्रेस विधायकों ने राम मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन तथा जाखू मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धा से दान दिया था और इस आस्था का सम्मान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर राजनीति की गई है और दानदाताओं की भावनाओं के साथ विश्वासघात हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आदर्श सेवा, सत्य और मानवता का संदेश देते हैं तथा धर्म के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे दिन का अवकाश घोषित कर भगवान राम के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया था। उन्होंने सभी लोगों से भगवान राम के आदर्शों पर चलने और समाज में भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित अनेक मंत्री, विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।