नरेश चौहान ने किया तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन, 62 विद्यालयों के विद्यार्थी दिखा रहे खेल प्रतिभा
शिमला,
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी, शिमला में 67वीं जिला स्तरीय वार्षिक अंडर-19 इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में शिमला जिले के करीब 62 विद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न इंडोर खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। इसमें बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती, भारोत्तोलन, ताइक्वांडो, योग, टेबल टेनिस, कुराश और कराटे सहित कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
खेल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर नरेश चौहान ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी मदद करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
वीर चक्र से सम्मानित स्क्वाड्रन लीडर की माता को किया सम्मानित
इस अवसर पर नरेश चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर में शामिल रहे वीर चक्र से सम्मानित स्क्वाड्रन लीडर अर्शवीर सिंह ठाकुर की माता अमरजीत कौर को सम्मानित किया। अमरजीत कौर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागली में शारीरिक शिक्षा की प्रवक्ता हैं।
नरेश चौहान ने अर्शवीर सिंह ठाकुर की वीरता और उपलब्धि के लिए उनकी माता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों के लिए 30 हजार रुपये देने की घोषणा
नरेश चौहान ने अपनी ऐच्छिक निधि से खिलाड़ियों के लिए 30 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृष्णानगर के पार्षदगण, शिक्षा विभाग के उप निदेशक अनिल कुमार, विभागीय अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।