संतुलित विकास पर सरकार का जोर, गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत करना प्राथमिकता: सीएम सुक्खू

Himachal News

कुल्लू,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार हिमाचल के सभी क्षेत्रों में समान और संतुलित विकास को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर लोगों की आय में वृद्धि करना और आर्थिक गतिविधियों का लाभ सीधे गांवों तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने यह बात बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में करीब 206 करोड़ रुपये की 25 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए।

किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार किसानों और पशुपालकों को बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के समय गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर था, जिसे बढ़ाकर अब 61 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसी तरह भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है।

उन्होंने कहा कि दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि से पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिली है और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

कुल्लू का अनार दुबई पहुंचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के कृषि और बागवानी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध करवाने के प्रयास भी जारी हैं। इसी कड़ी में कुल्लू जिले में उत्पादित सिंदूरी किस्म के 113 मीट्रिक टन अनार संयुक्त अरब अमीरात के दुबई को निर्यात किए गए।

उन्होंने कहा कि किसानों-बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार घरेलू बाजारों के साथ-साथ विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने में भी सहयोग कर रही है।

सेब के खरीद मूल्य में भी बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब के खरीद मूल्य में एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। अब सेब की खरीद 13 रुपये प्रति किलो की दर से की जाएगी, जबकि पहले यह दर 12 रुपये प्रति किलो थी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों-बागवानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है।

किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल के हित सुरक्षित: सुक्खू

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में किशाऊ बांध परियोजना में हिमाचल प्रदेश के हितों की महत्वपूर्ण जीत सुनिश्चित की है। परियोजना के निर्माण के बाद प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाओं से प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।

विकास परियोजनाओं के लिए क्षेत्रवासियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर तांदी गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की और क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव विदित चौधरी, कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा, राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।