कुल्लू और बंजार में 206 करोड़ की 25 विकास परियोजनाओं को मिली सौगात, मुख्यमंत्री ने किए उद्घाटन-शिलान्यास

Himachal News

कुल्लू में 65 करोड़ और बंजार में 141.32 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल

कुल्लू,

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिला के कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों के प्रवास के दौरान 206.32 करोड़ रुपये की 25 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इनमें कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की करीब 65 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाएं तथा बंजार विधानसभा क्षेत्र की 141.32 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के पिरड़ी में पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल का भूमि पूजन किया। इसके अलावा मोहल में 7.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ रुपये की लागत वाले जीआईसी सब-स्टेशन तथा शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वैलनेस सेंटर का शिलान्यास किया।

बंजार में सड़क और बिजली परियोजनाओं को गति

बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के तहत 8.88 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली धारा-बरसोगी सड़क का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही नजन नाला से नजन सड़क के लिए 81 लाख रुपये, थेला-जस्ता-परली मार्ग के लिए 6.81 करोड़ रुपये, बरनगी से मस्यार मार्ग के लिए 9.74 करोड़ रुपये, बरनगी-चिपनी मार्ग के लिए 1.09 करोड़ रुपये तथा सिधवा गौरीगढ़ से थनिचर मार्ग के लिए 8.80 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

इसी क्रम में देउरी-सुनाड़ सड़क के लिए 11.97 करोड़ रुपये, बीणी से खंदरागी सड़क के लिए 3.05 करोड़ रुपये, चलेहण से देवगढ़ सड़क के लिए 6.35 करोड़ रुपये और घरटगाड़ से कड़ाहील सड़क के लिए 3.05 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी मंजूरी के साथ आगे बढ़ाया गया।

इसके अलावा बठाड़ से शीलश्रृंगाड़ सड़क के लिए 9.45 करोड़ रुपये, बागी कोठी-चौहनी से मियागी सड़क के लिए 7.03 करोड़ रुपये, देउठा से ज्वाली सड़क के लिए 5.29 करोड़ रुपये, गुशैणी-पेखड़ी सड़क से तिन्दर गांव के लिए 8.49 करोड़ रुपये तथा बलागाड़ से भरठीधार सड़क के लिए 3.84 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

दूरदराज क्षेत्रों में सड़क संपर्क होगा मजबूत

मुख्यमंत्री ने डिंबर-चहरी से गशीणी-सराज सड़क के लिए 10.63 करोड़ रुपये, टील से बछुट सड़क के लिए 4.30 करोड़ रुपये, मंढी संपर्क सड़क के लिए 3.63 करोड़ रुपये, गलवाधार से राम्भी सड़क के लिए 4.52 करोड़ रुपये तथा जीभी-रशाला-सरठी सड़क के लिए 9.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।

इन सड़क परियोजनाओं से बंजार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं दुर्गम इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ किसानों, बागवानों और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बिजली और पार्किंग सुविधा को भी बढ़ावा

गुशैणी में 2.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया गया। वहीं नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से कुल्लू और बंजार क्षेत्रों में विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को भी मजबूती मिलेगी।