मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- हिमाचल के युवाओं के लिए एविएशन क्षेत्र में करियर के नए रास्ते खुलेंगे
कुल्लू ,
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कुल्लू जिला स्थित भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे हिमाचल प्रदेश में एनसीसी की एयर विंग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नई सुविधा से प्रदेश के युवाओं को विमानन क्षेत्र में प्रशिक्षण और करियर के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया एनसीसी हैंगर क्षेत्र में विमानन प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से एयर एनसीसी कैडेट्स को विमानन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी, सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और उड़ान संबंधी कौशल विकसित करने के अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा का उद्देश्य केवल युवाओं को विमान उड़ाने का प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि उनमें कौशल, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इससे प्रदेश के युवा भविष्य में कुशल पायलट और जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ सकेंगे।
भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर के लिए मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने एयर एनसीसी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं को एविएशन सेक्टर में आगे बढ़ते हुए देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी के फ्लाइंग नोड और प्रशिक्षण गतिविधियों के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं को भारतीय वायुसेना और सिविल एविएशन में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को विमानन प्रशिक्षण की सुविधाओं के करीब लाना इस पहल की बड़ी उपलब्धि है।
कैडेट्स ने ड्रोन और विमान मॉडलों का किया प्रदर्शन
हैंगर के उद्घाटन के अवसर पर विमान के हैंगर की ओर पहुंचने के दौरान वाटर कैनन सैल्यूट के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने स्थिर एवं उड़ान योग्य विमान मॉडलों के अलावा स्वयं डिजाइन और विकसित किए गए ड्रोन का प्रदर्शन भी किया।
इन प्रदर्शनों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी तकनीकी क्षमता, रचनात्मक सोच और विमानन क्षेत्र के प्रति बढ़ती रुचि का परिचय दिया।
1972 में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में पहली समर्पित सुविधा
भुंतर में स्थापित एनसीसी हैंगर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वर्ष 1972 में हिमाचल प्रदेश में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद पहली बार कुल्लू में इस तरह की समर्पित सुविधा विकसित की गई है।
दशकों से चली आ रही आधारभूत ढांचे की सीमाओं, प्रशासनिक जटिलताओं और परिचालन संबंधी चुनौतियों को दूर कर इस सुविधा को तैयार किया गया है। इससे खासकर प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उड़ान प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के कुल्लू पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, एनसीसी अधिकारी एवं कर्मचारी, कैडेट्स तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे।