शिमला,
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसके बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
धमकी की सूचना मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके तुरंत बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस की टीम ने हाईकोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। करीब कई घंटों तक चली सघन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे राहत की सांस ली गई।
हालांकि, एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हिमाचल हाईकोर्ट को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते इस बार भी प्रशासन ने कोई जोखिम न लेते हुए तुरंत कार्रवाई की।