दिल्ली।
हिमाचल प्रदेश की अंडर-19 बालिका बैडमिंटन टीम ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम आठ (क्वार्टर फाइनल) में जगह बना ली है। 30 जनवरी से शुरू हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने अपने पूल में पहला स्थान हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दौरान हिमाचल की टीम ने अपने सभी मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने
- मध्य प्रदेश को 2-0 से
- इंडियन बोर्ड ऑफ स्कूल ऑर्गेनाइजेशन को 2-1 से
- केंद्रीय विद्यालय संगठन को 2-1 से हराया।
इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में हिमाचल की टीम ने चंडीगढ़ को 2-1 से मात देकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की। अब क्वार्टर फाइनल में हिमाचल का मुकाबला तमिलनाडु की मजबूत टीम से होगा।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान प्रज्ञा वर्मा और गरिमा वर्मा का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, जिनकी बेहतरीन खेल क्षमता की बदौलत हिमाचल प्रदेश की टीम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रही।
टीम के इस शानदार प्रदर्शन की जानकारी कोच भगवान दास और राजेंद्र शर्मा, प्रबंधक ओंकार शर्मा व नीतू शर्मा ने दी। वहीं चीफ डी मिशन बलवंत झोटा ने विश्वास जताया कि क्वार्टर फाइनल में भी टीम श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।
उधर, अंडर-19 बालक टीम ने भी प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में उड़ीसा और छत्तीसगढ़ को 2-0 से हराकर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं।