शिमला।
राजधानी शिमला के सरकारी अस्पतालों में बढ़ती भीड़ को कम करने और लोगों को उनके वार्ड में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में नगर निगम शिमला ने अहम कदम उठाया है। इसी कड़ी में शनिवार को ढली-शांतिविहार वार्ड के समिट्री और रूल्लदूभट्टा वार्ड में कुल तीन वैलनेस सेंटरों का उद्घाटन कर उन्हें आम जनता को समर्पित किया गया।
इन वैलनेस सेंटरों का उद्घाटन महापौर सुरेंद्र चौहान और डिप्टी मेयर उमा कौशल ने किया। नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस पहल से अब लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
वैलनेस सेंटरों में लोगों को सामान्य बीमारियों का इलाज, ब्लड प्रेशर और ब्लड टेस्ट की सुविधा अपने ही वार्ड में उपलब्ध होगी। इसके साथ ही इन केंद्रों पर 134 प्रकार की दवाइयां निशुल्क दी जाएंगी। वहीं, ब्लड प्रेशर के गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन मशीनें भी जल्द ही इन वैलनेस सेंटरों में उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस अवसर पर नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शिमला शहर के विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से वैलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं। पहले चरण में तीन सेंटर बनकर तैयार हो गए हैं और इन्हें जनता को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन सेंटरों के शुरू होने से अस्पतालों पर बोझ कम होगा और लोगों को उनके घर के नजदीक ही निशुल्क इलाज व दवाइयों की सुविधा मिलेगी।
नगर निगम का कहना है कि आने वाले समय में शिमला के अन्य वार्डों में भी ऐसे वैलनेस सेंटर खोले जाएंगे, जिससे शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।