IGMC मरीज पिटाई मामला: डॉक्टर की बर्खास्तगी पर बवाल, रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल, CM से मुलाकात के बाद सरकार ने दिए जांच के संकेत

Himachal News

शिमला,
शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में मरीज की पिटाई के मामले को लेकर प्रदेशभर में बवाल मचा हुआ है। सरकार द्वारा आरोपी डॉक्टर को बर्खास्त किए जाने के फैसले के खिलाफ रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (RDA) खुलकर सामने आ गई है। इसी कड़ी में आज IGMC के रेजिडेंट डॉक्टर एक दिन की अवकाश पर रहे और अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर डॉक्टर की बर्खास्तगी को रद्द करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि रेजिडेंट डॉक्टर संगठन ने मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा था, जिसे स्वीकार करते हुए आज उन्हें बुलाया गया और सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


मुख्यमंत्री का आश्वासन: जरूरत पड़ी तो दोबारा होगी जांच

नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाएगा। यदि मामले में फिर से जांच की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार उस पर भी विचार करेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बन चुका है, जहां रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से मरीजों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं।


स्वास्थ्य सुविधाओं पर 1700 करोड़ का निवेश

प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा 1700 करोड़ रुपये की लागत से नई मशीनरी खरीदी जा रही है, वहीं 20 से 22 साल पुरानी मशीनों को बदलने का काम भी किया जा रहा है। इसके साथ-साथ नए डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी लगातार जारी है।


भाजपा पर नरेश चौहान का हमला

भाजपा पर जुबानी हमला बोलते हुए नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना रह गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार समाजहित में ऐतिहासिक काम कर रही है, तो विपक्ष उन पर चर्चा क्यों नहीं करता।

उन्होंने कहा कि चाहे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव हो या प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कड़े फैसले—यह सभी काम प्रदेश हित में पहली बार किए गए हैं। विपक्ष इन मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।


आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में सरकार

नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य आत्मनिर्भर हिमाचल बनाना है और इसके लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और सही समय पर जवाब भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *