20वें एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि: मुख्यमंत्री

Himachal News

कबड्डी की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को 33-33 लाख, सावन बरवाल को 2.50 करोड़ और सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा

शिमला,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन को प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया।

कबड्डी की महिला खिलाड़ियों को 33-33 लाख रुपये

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की महिला खिलाड़ियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इन चारों खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 1.33 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।

वहीं, पुरुषों की मैराथन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

इस तरह प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल के इन पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

खेल पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिलने वाली पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

सरकार के प्रावधान के अनुसार ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

इसी तरह एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 4 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का प्रावधान किया गया है।

राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 3 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जा रहे हैं।

खिलाड़ियों की यात्रा सुविधाओं में भी बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से बाहर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है।

इसके तहत 200 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जा रहा है। वहीं, 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले खिलाड़ी इकोनॉमी क्लास हवाई टिकट के लिए पात्र होंगे।