शिमला,
केंद्र सरकार द्वारा PNDA (Post Disaster Need Assessment) के तहत हिमाचल प्रदेश को ₹601.92 करोड़ की आपदा राहत राशि जारी किए जाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है।
रोहित भारद्वाज ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए यह वित्तीय सहायता प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत और संबल साबित होगी। जब प्रदेश कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में मोदी सरकार का सहयोग यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार हिमाचल के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
रोहित भारद्वाज ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के हिमाचल को मदद दे रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की निष्क्रियता के बीच केंद्र से मिली यह सहायता प्रदेशवासियों के लिए जीवनरेखा के समान है।
राजनीति नहीं, सेवा सर्वोपरि
रोहित भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि आपदा के समय राजनीति नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्रहित सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जाने वाले भेदभाव के आरोप इस सहायता के बाद पूरी तरह निराधार साबित हो गए हैं।
हिमाचल की जनता समझ चुकी है सच्चाई
अंत में रोहित भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता यह भली-भांति समझ चुकी है कि कौन संकट में साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीति कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का पुनः आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश को हर संभव सहायता मिलती रहेगी।