पंचायत चुनाव के लिए सड़कें बंद, सरकार की रैली के लिए खुली— दोहरे मापदंड क्यों? : विक्की पंवार

Himachal News

शिमला,

हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नारे के साथ सत्ता में आई कांग्रेस सरकार पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव विक्की पंवार ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रदेश की जनता अब इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए आतुर है।

विक्की पंवार ने कहा कि प्रदेश के किसान, बागवान, कर्मचारी, पेंशनर्ज, महिलाएं और युवा—हर वर्ग इस सरकार से परेशान है। प्रदेश के इतिहास में यह पहली सरकार है, जिसके पहले ही दिन के फैसलों से जनता का विश्वास डगमगाने लगा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने सबसे बड़ा धोखा प्रदेश के युवाओं के साथ किया है। पांच लाख नौकरियों का सपना दिखाने वाली सरकार 5000 युवाओं को भी पक्का रोजगार देने में असफल रही है। युवा बेरोजगारी से त्रस्त हैं, जबकि सरकार अपनी मित्र मंडली में मस्त है।

पंचायत चुनावों को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए विक्की पंवार ने कहा कि एक ओर आपदा प्रबंधन अधिनियम (डिजास्टर एक्ट) का हवाला देकर पंचायत चुनाव टाले जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार अपने जश्न कार्यक्रमों के लिए उन्हीं सड़कों और बस रूटों को खोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पड्डल मैदान में भीड़ जुटाने के लिए एचआरटीसी की बसें उन रूटों पर भी चलाई गईं, जिनकी बहाली की मांग जनता लंबे समय से कर रही थी।

उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए बसें नहीं चलाई जातीं, लेकिन रैली के लिए रातों-रात सरकारी मशीनरी और सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग किया जाता है। यदि ये रूट जश्न कार्यक्रमों के लिए सुरक्षित हैं, तो पंचायत चुनाव के दौरान आम जनता और मतदाताओं के लिए क्यों नहीं?

विक्की पंवार ने कहा कि कांग्रेस सरकार व्यवस्थाओं का पूरी तरह पतन कर चुकी है। भाजपा युवा मोर्चा सरकार से मांग करता है कि पंचायत चुनाव तुरंत करवाए जाएं और जनता का सामना किया जाए, ताकि प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *