नेता प्रतिपक्ष सुर्ख़ियों में बने रहने के लिए सरकार व मुख्यमंत्री पर कर रहे निराधार बयानबाज़ी : पुनीत मल्ली

Himachal News

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव व मीडिया कॉर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ आए दिन निराधार व उल जलूल बयानबाजी कर केवल मात्र सुर्खियों में रहने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि उनकी अपनी पार्टी में कोई पूछ नहीं रह गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने जयराम को साइडलाइन कर रखा है, इसलिए जयराम मोदी सरकार का गुणगान व सुक्खू सरकार पर झूठे आरोप लगाकर अपना राजनीतिक भविष्य बचाने की जुगत में लगे हैं।

मल्ली ने जारी बयान में कहा कि सुक्खू सरकार प्रदेश में सालों से चली आ रही व्यवस्था में परिवर्तन कर जनता के हित व प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के एजेंडे पर काम कर रही है, लेकिन नेता विपक्ष व उनकी पार्टी को यह व्यवस्था परिवर्तन रास नहीं आ रहा है। जयराम प्रदेश को केंद्र सरकार से मदद मिलने के बयान दे रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि केंद्र सरकार प्रदेश को उसका बनता हिस्सा ही दे रही है। केंद्र ने प्रदेश को अलग से कोई भी आर्थिक पैकेज नहीं दिया है। यही नहीं, बीते साल मानसून में आई भयंकर आपदा के एवज में करीब 9 हज़ार करोड़ रुपए की पुनर्वास व राहत राशि आज तक केंद्र ने प्रदेश को नहीं दी है। उत्तराखंड व जम्मू कश्मीर की तर्ज़ पर हिमाचल को आज तक विशेष आर्थिक मदद के रूप में फूटी कौड़ी नहीं मिली है। प्रदेश की वित्तीय क्षतिपूर्ति अनुदान राशि पर भी कैंची चला दी गई है। केंद्र की योजनाओं का लाभ संघीय ढांचे के तहत हिमाचल को भी अन्य राज्यों की तरह ही मिल रहा है तो उस पर भाजपा नेता वाहवाही किस हक से लूट रहे हैं।

मल्ली ने कहा कि जयराम ठाकुर अपने 5 साल के कार्यकाल में करीब 75 हज़ार करोड़ रुपए का कर्ज प्रदेश पर छोड़ गए व चुनावी लाभ के लिए कुकरमुत्तों की तरह बिना बजट हज़ारों संस्थान खोल दिए जिससे प्रदेश को लाभ की बजाय उल्टा नुकसान ही झेलना पड़ा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूर्व जयराम सरकार की इन गलतियों को दूर करने में जुटे हैं, जिस पर भी नेता विपक्ष को तकलीफ हो रही है। लेकिन जनता असलियत से वाकिफ है व अब भाजपा नेताओं के झूठे झांसों में आने वाली नहीं है। प्रदेश को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सुक्खू सरकार कुछ कड़वे निर्णय जरूर ले रही है, लेकिन इनका लाभ आगामी समय में आम जनता को जरूर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *