जोगिंद्रनगर में दर्दनाक हादसा: टैंपो की चपेट में आने से स्कूली छात्रा की मौत

Himachal News

जोगिंद्रनगर,

मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगिंद्रनगर उपमंडल के एहजू क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा स्कूल जाते समय सड़क पार कर रही थी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय अनु पुत्री पुन्नू राम, निवासी एहजू, बैजनाथ के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह आज सुबह मचकेहड़ स्थित अपने मामा के घर से स्कूल के लिए निकली थी।

इसी दौरान एहजू के समीप सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार टैंपो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *