शिमला,
प्रसिद्ध अभिनेता और अखिल भारतीय कलाकार संघ के अध्यक्ष रोहिताश्व गौड़ ने शनिवार को लोक भवन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संघ की उपाध्यक्ष रेखा गौड़ भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुलाकात के दौरान शिमला में आयोजित हो रही 71वीं अखिल भारतीय नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
रोहिताश्व गौड़ ने राज्यपाल को बताया कि देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल 71वीं अखिल भारतीय नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ शिमला में हो चुका है, जो 10 जून तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देशभर से हजारों कलाकार भाग ले रहे हैं, जिससे शिमला एक बार फिर कला और संस्कृति का केंद्र बन गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में 27 नाट्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि करीब 260 नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन युवा और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच प्रदान करेगा।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अखिल भारतीय कलाकार संघ द्वारा कला, संस्कृति और रंगमंच के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाटक और नृत्य जैसी विधाएं समाज को जोड़ने, सांस्कृतिक विरासत को संजोने और युवाओं में रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन न केवल कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
शिमला में आयोजित यह सांस्कृतिक महोत्सव आने वाले दिनों में कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा और देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक एक ही मंच पर देखने का अवसर प्रदान करेगा।