कुल्लू,
कुल्लू बस स्टैंड में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीट न मिलने के चलते हरियाणा के कुछ युवकों ने वोल्वो बस में तोड़फोड़ कर दी। यह घटना रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है। संबंधित वोल्वो बस मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सीट न मिलने से नाराज युवकों ने अचानक बस के शीशों पर हमला कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। घटना के बाद बस स्टैंड में यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन बस को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।