महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मुख्यमंत्री ने कृष्णा नगर मंदिर में टेका माथा, 25 लाख रुपये देने की घोषणा

Himachal News

शिमला,

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शिमला के कृष्णा नगर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक चेतना का महान प्रतीक बताते हुए कहा कि रामायण की रचना के माध्यम से उन्होंने मानव समाज को सत्य, न्याय, करुणा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों का संदेश दिया। ये आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब समाज के हर वर्ग को समान अवसर उपलब्ध हों और कोई भी व्यक्ति सामाजिक या आर्थिक अभाव के कारण पीछे न छूटे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक न्याय, समानता और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

वाल्मीकि कामगार आवास योजना के तहत तीन लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध करवाना है। इसी उद्देश्य से महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना शुरू की गई है।

इस योजना के तहत पात्र वाल्मीकि समुदाय के सफाई कर्मियों को पक्का मकान बनाने के लिए तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के लिए पात्र परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है और परिवार के पास पहले से अपना पक्का मकान नहीं होना चाहिए।

कृष्णा नगर के परिवारों के कल्याण के लिए योजना पर विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी समुदायों को सम्मान और समान अवसर देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृष्णा नगर में लंबे समय से रह रहे परिवारों और वहां मौजूद मकानों की गणना करवाई जाएगी। इसके आधार पर इन परिवारों के कल्याण के लिए उपयुक्त योजना तैयार करने पर सरकार विचार करेगी।

उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के सभी सदस्य उनके परिवार का हिस्सा हैं और सरकार उनके कल्याण एवं सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृष्णा नगर में आयोजित मेडिकल कैंप का शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम में विधायक हरीश जनारथा, संजय अवस्थी, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।