चार दिन से लापता 30 वर्षीय युवक का कुएं में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

Himachal News

नूरपुर

पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत छत्र पंचायत में चार दिन से लापता चल रहे 30 वर्षीय युवक वरिंद्र कुमार का शव जंगल में स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है। युवक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना रैहन में दर्ज करवाई थी और उसकी तलाश की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार परिजनों को घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं में युवक का शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रैहन सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकाला।

शव पर नहीं मिले स्पष्ट चोट के निशान

पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान शव पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर नूरपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

डीएफयू टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य एकत्रित करने के लिए डीएफयू नूरपुर की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।