चंबा,
नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंबा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की एसआईयू (SIU) सेल की टीम ने 11.84 ग्राम चिट्टे के साथ एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चिट्टे को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर ले जा रहा था।
जानकारी के अनुसार एसआईयू सेल की टीम समलेऊ के हेलीपैड मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक ऑल्टो कार (नंबर HP-73-7837) को जांच के लिए रोका गया। पूछताछ के दौरान चालक पुलिस को देखकर घबरा गया, जिससे पुलिस को शक हुआ।
संदेह के आधार पर जब कार की तलाशी ली गई, तो डैशबोर्ड से 11.84 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनिल कुमार पुत्र ——, निवासी गांव व डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई।
इस संबंध में एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना खैरी में मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
चंबा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।