पंचायती राज चुनाव टालने की कांग्रेस की मंशा पर हाईकोर्ट की चोट, 30 अप्रैल 2026 से पहले चुनाव के आदेश: संजीव कटवाल

Himachal News

शिमला,
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस सरकार की मंशा पर हाईकोर्ट ने कड़ा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार का बस चलता, तो वह पंचायत चुनावों को अनिश्चितकाल के लिए टाल देती। भाजपा ने पंचायतों में लोकतंत्र बहाल रखने के लिए लगातार संघर्ष किया और आज प्रदेश उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों से कांग्रेस की मंशा उजागर हो गई है।

संजीव कटवाल ने बताया कि माननीय न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति रोमेश वर्मा की खंडपीठ ने सरकार और राज्य चुनाव आयोग को निर्देश दिए हैं कि 30 अप्रैल 2026 से पहले पंचायत चुनाव अनिवार्य रूप से करवाए जाएं, जबकि 28 फरवरी 2026 तक सभी चुनावी तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा झटका बताया।

कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में ले रही थी और न ही चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में गंभीर थी। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार लोकतंत्र से डर रही थी और चुनी हुई पंचायतों के बिना प्रशासन चलाना चाहती थी।


पीएमजीएसवाई में हिमाचल को 2300 करोड़, कांग्रेस सिर्फ रोना रो रही: संजीव कटवाल

एक अन्य मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए संजीव कटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता बार-बार केंद्र से पैसा न मिलने का रोना रोते हैं, जबकि उनके ही लोक निर्माण मंत्री स्वीकार कर चुके हैं कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत हिमाचल प्रदेश को 2300 करोड़ रुपये की बड़ी राशि मिली है।

उन्होंने बताया कि PMGSY चरण-4 के तहत प्रदेश में 249 सड़कों के निर्माण के लिए यह राशि जारी की गई है, जिससे लगभग 1500 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं पर काम अप्रैल 2026 से शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही डोडरा-क्वार क्षेत्र की पहले लॉक की गई सड़कों को भी खोल दिया गया है, जिन पर करीब 1500 करोड़ रुपये की देनदारी केंद्र सरकार द्वारा पूरी की जाएगी।

कटवाल ने कहा कि इन सड़कों के बनने से दुर्गम, जनजातीय और दूरदराज क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी और प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़क निर्माण में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे सड़कों की गुणवत्ता और टिकाऊपन बढ़ेगा।

अंत में संजीव कटवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है, जबकि कांग्रेस सरकार केवल राजनीतिक बयानबाजी और भ्रम फैलाने में लगी है। भाजपा लोकतंत्र, पंचायतों और विकास के मुद्दे पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *