SIR अभियान की मूल वजह जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, शिमला में होगा विशेष कार्यक्रम: केशव चौहान

Himachal News

शिमला,
देशभर में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन ऑफ द वोटर लिस्ट (SIR) अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला अब जन-जन तक इसकी असल वजह और आवश्यकता पहुंचाने जा रही है। यह जानकारी भाजपा जिला शिमला के जिलाध्यक्ष केशव चौहान ने दी।

केशव चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश के विभिन्न हिस्सों में लाखों ऐसे लोग आकर बस चुके हैं, जिनका देश के विकास में योगदान बेहद कम रहा है, जबकि देशविरोधी गतिविधियों में उनकी संलिप्तता अधिक देखी गई है। ऐसे में असली भारतीय नागरिक, जो देश के वास्तविक अधिकारों के हकदार हैं, वे कई सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य वोटर लिस्ट को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, ताकि केवल वास्तविक और पात्र भारतीय नागरिकों को ही मतदान का अधिकार मिल सके। अन्य राज्यों में SIR लागू होने के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी इस अभियान की मूल भावना और महत्व को जनता तक पहुंचाया जाएगा

जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में शिमला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें SIR अभियान को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और कार्यक्रम प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया पहले ही जिला व मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दे चुके हैं।

केशव चौहान ने कहा कि भाजपा जिला शिमला के सभी छह मंडलों से कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और SIR अभियान की वास्तविकता को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *